महाराष्ट्र की पशुपालन और डेयरी विकास मंत्री और भाजपा नेता पंकजा मुंडे को चुनाव प्रचार के लिए ले जाने वाले एक हेलीकॉप्टर में उड़ान से कुछ घंटे पहले तकनीकी खराबी पाए जाने का मामला सामने आया है। यह जानकारी मंगलवार को एक एयरपोर्ट अधिकारी ने दी। अधिकारी के अनुसार, सोमवार रात को उस समय खराबी का पता चला, जब हेलीकॉप्टर को अगले दिन पंकजा मुंडे को लातूर ले जाने के लिए तैयार किया जा रहा था। बताया गया कि पंकजा मुंडे सोमवार को एक चार्टर्ड विमान से छत्रपति संभाजीनगर पहुंची थीं।
इसके बाद उन्होंने दिन में उसी हेलीकॉप्टर से चुनाव प्रचार भी किया। लेकिन रात में जब एविएशन कंपनी ने रूटीन जांच की, तो हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी दिक्कतें पाई गईं। इसके बाद इसकी जानकारी चिकलठाणा एयरपोर्ट प्रशासन को दी गई।
ये भी पढ़ें:- US: अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में भारत ने किसान हितों से नहीं किया समझौता, अधिकारियों ने बताई अंदर की बात
उड़ान में हुई देरी
हेलीकॉप्टर को मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लातूर के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पंकजा मुंडे की यात्रा करीब दो घंटे देर से हो सकी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में पंकजा मुंडे ने कहा कि हेलीकॉप्टर पुराना था, लेकिन उन्होंने इस पर कोई सवाल नहीं उठाया और यात्रा जारी रखी।
उन्होंने यह भी कहा कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे, जिसमें एनसीपी नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी, उसके बाद से पार्टी नेताओं में हवाई यात्रा को लेकर डर और चिंता का माहौल है। पंकजा मुंडे इन दिनों 7 फरवरी को होने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। उन्होंने मराठवाड़ा के कई इलाकों में जनसभाएं की हैं।
ये भी पढ़ें:- NCP नेतृत्व पर संशय बरकरार: प्रफुल्ल पटेल बोले- मैं अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं, शरद पवार को लेकर क्या कहा?
डीजीसीए ने दी जानकारी
वहीं मंगलवार देर रात नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस हेलीकॉप्टर को एहतियातन ग्राउंड करने का आदेश जारी किया। डीजीसीए के मुताबिक 2 फरवरी को शाम करीब 5 बजे औरंगाबाद एयरपोर्ट पर आखिरी लैंडिंग के बाद जांच के दौरान मुख्य रोटर ब्लेड के एक हिस्से में जरूरत से ज्यादा ढीलापन पाया गया। इसके बाद विमान रखरखाव इंजीनियर (एएमई) ने हेलीकॉप्टर को आगे उड़ान की अनुमति नहीं दी। रात करीब 8 बजे चार्टर एजेंसी को सूचना दी गई। इसके बाद रात 9 बजे के आसपास अगले दिन की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं।
अन्य वीडियो
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.