महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव 2025 के तहत 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न निकायों में खाली पड़े 143 सदस्य पदों के परिणाम भी सामने आएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सभी मतगणना केंद्रों पर सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।
शनिवार को हुए मतदान में 47.04 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। वोटिंग सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली। चुनाव नतीजों को लेकर राजनीतिक दलों में उत्सुकता बनी हुई है, खासकर पुणे जिले की बारामती नगर परिषद और ठाणे जिले की अंबरनाथ नगर परिषद पर सबकी नजरें टिकी हैं।
पहले चरण में 47.51% वोटिंग
महाराष्ट्र में 263 नगर परिषद और नगर पंचायतों के पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक हुआ। शाम 5.30 बजे तक वोटिंग हुई और 3.30 बजे तक 47.51% मतदान दर्ज किया गया था। इन चुनावों में 6,042 सीटों और 264 अध्यक्ष पदों के लिए वोट डाले गए। हालांकि कुछ स्थानों पर चुनाव बिना मुकाबले के संपन्न हुए। डोंडाइचा नगर परिषद और अंगार नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध रहा, जबकि जामनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी कोई मुकाबला नहीं हुआ।
कड़ी सुरक्षा, पारदर्शी मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शुरुआती रुझान दोपहर तक सामने आने की संभावना है, जबकि अंतिम नतीजे देर शाम तक स्पष्ट हो सकते हैं।
राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा दांव पर
इन निकाय चुनावों को 2025 के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष दोनों के लिए यह चुनाव जनसमर्थन का संकेतक माना जा रहा है। बारामती पारंपरिक रूप से राजनीतिक रूप से संवेदनशील सीट रही है, वहीं अंबरनाथ में शहरी मतदाताओं का रुझान अहम भूमिका निभाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.