रोहतक जिले के महम में नगरपालिका ने वीरवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रखा। इस दौरान तीन ट्रॉली सामान जब्त किया गया। यह अभियान नगरपालिका सचिव नवीन नांदल के निर्देश पर सैनेट्री इंस्पेक्टर ब्रह्मजीत सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। नगरपालिका सचिव नवीन नांदल ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जब तक दुकानदार अपना सामान दुकानों के बाहर रखेंगे, तब तक इसी प्रकार कार्रवाई की जाती रहेगी और सामान जब्त किया जाएगा। कई बाजारों में चला अभियान सैनेट्री इंस्पेक्टर ब्रह्मजीत सिंह ने जानकारी दी कि यह अभियान पुराना बस स्टैंड, पालिका बाजार, थाना रोड और काठमंडी स्थित आयरन मार्केट में चलाया गया। काठमंडी में अभियान के दौरान नगरपालिका कर्मचारियों और कुछ दुकानदारों के बीच कहासुनी भी हुई। दुकानदारों ने इस बाजार को निजी बताया। नगरपालिका के अधीन है बाजार इस पर सैनेट्री इंस्पेक्टर ब्रह्मजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि इस बाजार के बीच में जो ईंटें लगाई गई हैं, वे नगरपालिका द्वारा ही लगाई गई हैं। इसलिए यह बाजार अब नगरपालिका के अधीन आता है। दुकानदारों से सहयोग की अपील इंस्पेक्टर ब्रह्मजीत सिंह ने काठमंडी के दुकानदारों से अपील की कि वे अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगरपालिका का सहयोग करें और बाजार को खुला रखें, ताकि ग्राहकों और वाहनों को आवाजाही में परेशानी न हो। नगरपालिका उप चेयरमैन बसंतलाल गिरधर ने भी दुकानदारों से अतिक्रमण न करने और सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण अक्सर दुकानदार आपस में झगड़ते रहते हैं, जो कभी भी गंभीर रूप ले सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.