वाहन चेकिंग के दौरान हुई मारपीट का शॉट।
मधुबनी में वाहन चेकिंग के दौरान एक पूर्व वार्ड पार्षद से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। नगर थानाध्यक्ष से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार ने की है।
घटना 31 दिसंबर की रात नगर थाना के ठीक सामने हुई थी। पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी उन्होंने पूर्व वार्ड पार्षद राम उदगार यादव को बाइक से गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
वार्ड पार्षद राम उदगार यादव 31 दिसंबर की देर रात भोज खाने के बाद अपने घर कोतवाली चौक जा रहे थे। उन्हें राम चौक के पास वाहन चेकिंग के लिए रोका गया, लेकिन वे वहां से बाइक लेकर नगर थाना की ओर भाग गए। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने उन्हें रोककर मारपीट की।
एसपी बोले- व्यक्ति शराब के नशे में था एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर की रात पुलिस टीम नगर थाना के सामने वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान राम चौक से एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर गुजर रहा था, जिसे पुलिस ने वाहन जांच के नाम पर धक्का मारकर गिरा दिया और पिटाई शुरू कर दी। एसपी ने यह भी बताया कि वह व्यक्ति शराब के नशे में था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्य का उल्लंघन करते हुए अमानवीयता का परिचय दिया।

मामले की जांच सदर एसडीपीओ वन से कराई गई वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच सदर एसडीपीओ वन से कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना के हवलदार तनवीर आलम और सिपाही महेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की भी अनुशंसा की गई है।
इस मामले में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार से भी स्पष्टीकरण पूछा गया है और उन पर भी नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पुलिसकर्मियों को वाहन जांच के दौरान जनता से उचित व्यवहार करने के संबंध में प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.