मधुबनी जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। अंधराठाढ़ी थाना पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान नीरज कुमार चौधरी और राहुल कुमार चौधरी के रूप में हुई है। ये दोनों अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के सिजौल गांव के निवासी हैं। हथियार लहराते दिखे थे 2 युवक झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बुधवार शाम को बताया कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दो युवक अवैध हथियार लहराते हुए दिख रहे थे। पुलिस ने सूचना के आधार पर वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान नीरज और राहुल के रूप में की। एसपी योगेन्द्र कुमार ने वायरल वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित थाने को तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। निर्देश मिलते ही थानाध्यक्ष जीतेश मिश्रा ने अपनी टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। आम जनता को डराते-धमकाते थे दोनों स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि ये दोनों युवक हथियार दिखाकर आम जनता को डराते-धमकाते थे। उनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे जेल भी जा चुके हैं। पुलिस की सख्ती से पूछताछ पर उन्होंने कबूल किया कि यह वीडियो सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान बनाया गया था। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने गंगद्वार ढाला के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियार इसी स्थान पर छिपाकर रखते थे और कभी-कभी उसके साथ फोटो या वीडियो बनाकर गांव में दहशत फैलाते थे। आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज इस घटना के संबंध में अंधराठाढ़ी थाने में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के इस अभियान से न केवल वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई हुई, बल्कि इलाके में अपराधियों के मनोबल को भी झटका लगा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.