Madhepura News: श्याम किशोर कुमार करीब दस दिन पूर्व पूरे परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे. वे अपनी बड़ी बेटी अस्मिता किशोर से मिलने गए थे, जो कई वर्षों बाद अमेरिका से दिल्ली लौटी हैं. इसी दौरान सुनसान पड़े घर पर चोरों की नजर पड़ गई.
मधेपुराः बिहार के मधेपुरा में चोरों ने पुलिस की पैनी नजर का चकमा दे दिया. चोरों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-5 स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) के सेवानिवृत्त अधिकारी श्याम किशोर कुमार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाकर पुलिस की नींद उड़ा दी. चोर नकदी, विदेशी मुद्रा और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, श्याम किशोर कुमार करीब दस दिन पूर्व पूरे परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे. वे अपनी बड़ी बेटी अस्मिता किशोर से मिलने गए थे, जो कई वर्षों बाद अमेरिका से दिल्ली लौटी हैं. इसी दौरान सुनसान पड़े घर पर चोरों की नजर पड़ गई. मंगलवार की सुबह जब उनके भतीजे और बीएनएमयू के अभियंता रितेश प्रकाश बाहर निकले, तो उन्होंने घर की ग्रिल का ताला टूटा देखा. संदेह होने पर अंदर प्रवेश किया गया, जहां गोदरेज और अलमीरा के ताले टूटे मिले और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था.
4.5 लाख रुपये नगद उड़ा ले गए चोर
परिवार का आरोप है कि चोर करीब 4.50 लाख रुपये नकद, 1700 अमेरिकी डॉलर और लगभग 15 से 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ले गए हैं. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी घर के बगल में एक बंद मकान में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन अब तक सामान बरामद नहीं हो सका.
पुलिस जांच में जुटी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से प्रोफेसर कॉलोनी के लोग दहशत में हैं. रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.