मधेपुरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासन वार्ड छह में गुरुवार देर रात एक प्रोफेसर के घर से लगभग नौ लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हो गई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित प्रोफेसर राजकमल सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे के बाद चोर उनके घर में घुस आए। घर में लोग मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोरी का पता नहीं चल पाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें अंगूठी, चेन, कान की बाली और पायल शामिल हैं, चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, दुकान निर्माण के लिए घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद और कुछ महंगे कपड़े भी चोर अपने साथ ले गए। प्रोफेसर के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग नौ लाख रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है। थानाध्यक्ष बोले-चोरों की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। सदर थानाध्यक्ष बिमलेंदु कुमार ने पुष्टि की कि सुखासन गांव में चोरी की घटना के संबंध में एक आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और चोरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.