मटर, लहसुन, गेहूं की फसल के लिए बारिश वरदान
टमाटर और शिमला मिर्च की रोपाई का काम भी पकड़ेगा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला में रविवार दोपहर बाद हुई हल्की बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं फसलों के लिए यह संजीवनी साबित होगी। बारिश से गेहूं, लहसुन और मटर की फसल को फायदा मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार बारिश से अब किसान टमाटर और शिमला मिर्च की रोपाई कार्य भी तेजी से कर पाएंगे। कई क्षेत्रों में शिमला मिर्च की रोपाई पहले ही हो चुकी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अब यह कार्य शुरू होगा। धर्मपुर, परवाणू, चायल और कंडाघाट क्षेत्रों में बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। किसानों का कहना है कि बारिश न होने से रबी के मौसम की फसलों, फल और फूलों की खेती में कठिनाइयां आ रही थीं। अब आगामी समय में टमाटर और शिमला मिर्च जैसी फसलों की तैयारी आसान होगी। कृषि उपनिदेशक डॉ. देवराज कश्यप ने बताया कि यह बारिश फसलों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि टमाटर, शिमला मिर्च और लहसुन की फसल के लिए बारिश संजीवनी के समान है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई, लेकिन अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सोलन के बसाल क्षेत्र में लगी लहसून की फसल। संवाद
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.