Latehar News: झारखंड सरकार नेतरहाट में जमशेदपुर के निक्को जुबली पार्क जैसा एम्यूजमेंट पार्क बनाने की योजना बना रही है. पर्यटकों के बीच पहले से लोकप्रिय यह स्थान, जुबली पार्क बनने से बड़ी संख्या में टूरिस्ट्स को आकर्षित करेगा. इसके लिए 43 करोड़ खर्च करने की योजना है.
प्रतीकात्मक
शुरू हो गई तैयारी
पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग ने इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए लातेहार के उपायुक्त से एम्यूजमेंट पार्क के लिए उपयुक्त जमीन चिन्हित करने को कहा है. विभाग ने जिला पर्यटन संवर्द्धन परिषद के अध्यक्ष के रूप में उपायुक्त से विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया है, ताकि परियोजना को जल्द रूप दिया जा सके.
केंद्र सरकार से सहयोग लेने की योजना
राज्य सरकार की योजना है कि इस एम्यूजमेंट पार्क के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से भी आर्थिक सहयोग लिया जाए. इसके लिए जमीन और परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजा जाएगा. यदि यह योजना स्वीकृत होती है तो नेतरहाट में पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
जमशेदपुर स्थित निक्को जुबली पार्क झारखंड का प्रमुख मनोरंजन और पिकनिक स्थल माना जाता है. वर्ष 1958 में टाटा स्टील द्वारा स्थापित यह पार्क अपने रोमांचक राइड्स, वाटर पार्क (स्प्लैश ज़ोन), बच्चों के खेल क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन और चिड़ियाघर के लिए प्रसिद्ध है. इसी मॉडल को ध्यान में रखते हुए नेतरहाट में भी आधुनिक सुविधाओं वाला पार्क बनाने की योजना तैयार की जा रही है.
‘पहाड़ों की रानी’ के रूप में प्रसिद्ध है नेतरहाट
नेतरहाट को झारखंड में ‘पहाड़ों की रानी’ के नाम से जाना जाता है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, घने जंगल, ठंडी जलवायु और मनमोहक सनसेट पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. हर साल नए साल और अन्य खास अवसरों पर बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं.
ए ग्रेड पर्यटन स्थल के रूप में लिस्टेड
राज्य सरकार ने नेतरहाट को ‘ए’ श्रेणी के पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित किया है. पर्यटन को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के लिए यहां नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकरण का गठन भी किया गया है. इसके तहत पर्यटन सुविधाओं का विस्तार और नई परियोजनाओं को लागू किया जा रहा है.
स्वदेश योजना के तहत भी हो रहा विकास
भारत सरकार ने भी स्वदेश दर्शन योजना के तहत नेतरहाट के पर्यटन विकास को मंजूरी दी है. इस योजना के अंतर्गत कोयल व्यू प्वाइंट और नेतरहाट लेक के आसपास पर्यटक सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके.
43 करोड़ रुपये से होगा समग्र विकास
राज्य सरकार ने नेतरहाट पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 43.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. इस राशि से यहां पर्यटन से जुड़ी कई आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी. एम्यूजमेंट पार्क बनने के बाद नेतरहाट न केवल प्राकृतिक सुंदरता बल्कि आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं के लिए भी जाना जाएगा, जिससे स्थानीय रोजगार और पर्यटन दोनों को नया प्रोत्साहन मिलेगा.
About the Author

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.