लातेहार जिले के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे न्यायालय के सरकारी ई-मेल पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा यह धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और जिला पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। न्यायालय प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी। एसपी के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी संजीव मिश्रा और थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा अपनी टीम के साथ सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से न्यायालय परिसर के विभिन्न कक्षों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। धमकी देने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है और हर पहलू की जांच में जुटा है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए एक तकनीकी टीम भी सक्रिय कर दी गई है। एहतियातन कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही धमकी देने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी झारखंड के रांची, धनबाद और बोकारो के सिविल कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। ऐसे मामलों को देखते हुए राज्यभर में न्यायालय परिसरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क है। एसपी कुमार गौरव ने घटना की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि धमकी मिली है। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर की जांच कराई जा रही है। बम निरोधकता दस्ता व डॉग स्क्वायड टीम पूरे परिसर की छानबीन कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.