ग्राम गुणावद में जमाई ने ससुर को गोली मारी हैं, जिसमें ससुर चंदन सिंह पिता जीराती उम्र 60 साल को गोली के छर्रे लगने से अंदरुनी चोट आई है। घटना के बाद परिजन ही घायल को लेकर धार जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को भर्ती कर लिया गया है। इधर, पूरे मामले की जांच में स्थानीय पुलिस टीम जुट गई है। पुलिस ने आरोपी जमाई भेरु सिंह पिता निर्भय सिंह पटेल निवासी मुंडाला सहित एक अन्य युवक के खिलाफ प्राणघातक हमले को लेकर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।दरअसल सादलपुर थाना अंतर्गत ग्राम गुणावद में घायल चंदरसिंह राजपूत ने चार बीघा जमीन सहित एक मकान बना हुआ है। इस जमीन सहित मकान पर कब्जे की बात को लेकर कल देर रात में ही गोली चली है। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल चंदर सिंह जिराती को धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर बी.एल. पाटीदार ने बताया कि घायल के मुंह और नाक सहित चेहरे पर गंभीर चोट आई है। उनका सीटी स्कैन कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया। डॉक्टर ने बताया कि मामले की एमएलसी भी तैयार कर ली गई है।
घायल की पत्नी ने बताया कि करीब दो महीने पहले जमीन को लेकर उनके बेटे के ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। महिला का कहना है कि अचानक उनके पति गोली चली है। फायरिंग के दौरान वे कुछ समझ नहीं पाईं। वहीं, घायल के बेटे अर्जुन सिंह जिराती ने बताया कि उनके पिता घर पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी आए व पहले गाली-गलौज की गई और इसके बाद दो लोगों ने गोली चला दी।
थाना प्रभारी सविता चौधरी ने बताया कि ग्राम गुणावद में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति को छर्रे लगे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने भेरु सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, आरोपी की गिरफतारी को लेकर दो टीमें कल देर रात से ही दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी अरेस्ट किया जाएगा।