बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र अंतर्गत करमौर गांव में शनिवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसे में मजदूर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रभाकर कुमार उर्फ बबलू कुमार (39) के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभाकर कुमार रोज की तरह काम खत्म कर देर शाम घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह गांव स्थित एक कुएं के मुंडेर पर बैठ गए। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे कुएं में गिर गए। कुआं काफी गहरा था और उसमें पानी भरा हुआ था। गिरने के बाद वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो उनका शव पानी में दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
पढ़ें; बिना शिक्षकों के चल रहा पारा-मेडिकल कॉलेज, छात्रों का फूटा गुस्सा; सत्र लेट से संकट में भविष्य
मृतक अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
धीरज कुमार ने बताया कि काम से लौटने के बाद प्रभाकर कुएं के पास बैठे थे और अचानक गिर गए। कुआं गहरा और पानी से भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौत हो गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.