हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में साफ मौसम रहने से अब न्यूनतम तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है. हालांकि शुष्क मौसम के बीच प्रदेश में शीतलहर भी बढ़ती हुई नजर आ रही है. ऐसे में प्रदेश के 5 जिलों में न्यूनतम पारा माइनस में जा पहुंचा है. जबकि पालमपुर और सोलन में न्यूनतम पारा शून्य (0.0) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी शिमला में भी मौसम साफ रहने से बीते कल के मुकाबले न्यूनतम तापमान में हल्का इजाफा देखने को मिला है. वहीं कुल्लू मनाली में दोपहर में धूप खिली रहने से जहां तपिश बढ़ने लगी है, वहीं सुबह शाम के समय न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज किया गया. कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस -10.8 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बजौरा में 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा. ताबो में 37 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गई और सेऊबाग में भी 37 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बर्फीली हवाएं दर्ज की गई. रविवार को कांगड़ा, बरठीं और हमीरपुर में शीतलहर देखी गई, जबकि बिलासपुर, ऊना देहरा गोपीपुर, पालमपुर और मंडी में भी शीतलहर देखी गई. बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा, जबकि सुंदरनगर, पांवटा साहिब और ऊना में हल्का कोहरा देखा गया.
आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम को लेकर क्या रहेगा अलर्ट
प्रदेश में अब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 16 और 17 जनवरी को प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा/ हिमपात होने की संभावना है. जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम साफ बना रहेगा. वहीं 12 से 15 जनवरी तक मैदानी इलाकों में कोहरा छाया रहने का येलो अलर्ट जारी है. ऐसे में देर रात और सुबह के समय ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर , कांगड़ा और मंडी जिलों में अलग अलग स्थानों पर माध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है. 12 जनवरी को बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में एक दो स्थानों पर भीषण शीतलहर रहने की संभावना है. जबकि ऊना, चंबा , कांगड़ा और मंडी जिलों में एक दो स्थानों पर शीत लहर रहने की संभावना है. बाकी जगहों पर मौसम शुष्क बना रहेगा.
अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और अगले 3 से 4 दिनो में राज्य भर में इसमें धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है. अगले 4 से 5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भी धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.
कैसा रहा प्रदेश के शहरों में न्यूनतम पारा
राजधानी शिमला में न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री रहा. जबकि सुंदरनगर में 1.0, भुंतर में -0.1, कल्पा में -2.0, ऊना में 2.5, नाहन में 5.1, पालमपुर में 0.0, सोलन में 0.0, मनाली में -1.1, कांगड़ा में 2.0 ,मंडी में 2.1, बिलासपुर में 2.5, हमीरपुर में 1.1, जुब्बड़हट्टी में 3.8, कुफरी में 4.6, कुकुमसेरी में -10.8, नारकंडा में 1.6, रिकांगपिओ में 0.1, बरठीं में 0.9, पांवटा साहिब में 6.0, सराहन में 4.4, देहरा गोपीपुर में 4.0, ताबो में -6.7, नेरी में 4.5 और बजौरा में 0.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.