कोरबा के रक्षित केंद्र पुलिस लाइन दफ्तर में रविवार को तब हड़कंप मच गया जब एक अलमारी के पीछे 4 फीट लंबा कोबरा सांप कुंडली मारकर बैठा मिला। दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी की टीम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्नैक कैचर की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिसकर्मियों के अनुसार, जब अलमारी खोली गई तो सांप की फुंकार सुनाई दी, जिससे उसकी मौजूदगी का पता चला। कोबरा को पकड़ कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। पुलिस लाइन क्षेत्र नर्सरी से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां सांप निकलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि कोबरा सांप बेहद खतरनाक और जहरीला होता है। हालांकि, इसकी एक खासियत यह भी है कि यह जल्दी किसी पर हमला नहीं करता। छेड़छाड़ करने या अचानक पैर लगने पर ही यह हमला करता है, जिससे मौत भी हो सकती है। सांप बिच्छू के काटे जाने पर झाड़ फूंक के चक्कर में ना पड़े सारथी ने यह भी बताया कि सांप या बिच्छू के काटने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अक्सर अंधविश्वास के चक्कर में झाड़-फूंक करने लगते हैं, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाता और जान चली जाती है। इसे लेकर वन विभाग द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उनकी टीम भी रेस्क्यू के दौरान लोगों को जागरूक करती है। उन्होंने बताया कि कई बार सर्पदंश के शिकार होने के बाद लोग सांप को मार देते हैं या उन्हें बंधक बनाकर रखते हैं, जो वन अधिनियम के तहत अपराध है। सांपों के संरक्षण को लेकर भी लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया जाता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.