कोंडागांव में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण होली संपन्न होने के बाद पुलिस परिवार ने रंगों का उत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और डीजे की धुन पर जमकर थिरके। होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार 48 घंटे तक ड्यूटी देने वाले जवानों के चेहरों पर आज अलग ही चमक देखने को मिली। कर्तव्य निर्वहन के बाद जब परिवार साथ आया तो रंगों की खुशियां दोगुनी हो गईं। इस मौके पर अधिकारी और कर्मचारी पद-भेद भुलाकर पारिवारिक अपनत्व के साथ एक साथ नजर आए। पुलिस जवान परिवार के साथ मनाते हैं उत्सव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्र ने बताया कि होली के दिन पुलिस जवान अपने दायित्वों में व्यस्त रहते हैं, इसलिए दूसरे दिन पुलिस परिवार के साथ उत्सव मनाने की परंपरा निभाई जाती है। उन्होंने कहा, लगातार ड्यूटी के बाद यह अवसर जवानों के लिए तनाव मुक्त होने और परिवार के साथ समय बिताने का महत्वपूर्ण क्षण होता है। इससे परिवार को भी होली का पर्व फीका नहीं लगता। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे। बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों से खेलते हुए माहौल को और भी जीवंत बना दिया। महिला पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक इस आयोजन में हिस्सा लिया। इस दौरान जवानों ने पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्र को हवा में उछाला, जिससे उत्सव का माहौल और भी खुशनुमा हो गया। पुलिस परिवार का यह रंगोत्सव न केवल शांतिपूर्ण होली संपन्न कराने की खुशी का प्रतीक था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील परिवार होता है, जो त्योहारों पर अपनों के साथ खुशियां बांटना चाहता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.