पर्यावरण संरक्षण के लिए कोडरमा गौशाला समिति ने गोबर से बनी लकड़ी (गौकाष्ठ) तैयार की है. मात्र ₹10 प्रति किलो में उपलब्ध यह विकल्प पेड़ों की कटाई रोकने में सहायक है. यह हल्का, कम धुएं वाला और जलाने में आसान है. जिसे सीधे हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर प्राप्त किया जा सकता है.
स्पेशल मिक्सर से तैयार होती है गौकाष्ठ
श्री कोडरमा गौशाला समिति द्वारा गौशाला परिसर में गोबर से गौकाष्ठ तैयार की जा रही है. समिति के सह सचिव अरुण मोदी ने बताया कि गौकाष्ठ बनाने में 80 प्रतिशत गोबर और 20 प्रतिशत लकड़ी के बुरादे का उपयोग किया जाता है. पहले इन दोनों को स्पेशल मिक्सर मशीन में मिलाया जाता है. फिर मशीन के जरिए इसे लकड़ी का आकार दिया जाता है. प्रत्येक गौकाष्ठ लगभग आधा फीट गोल और चार फीट लंबी होती है. मशीन से तैयार होने के बाद इन्हें पांच दिनों तक धूप में सुखाया जाता है. जिससे यह पूरी तरह उपयोग योग्य बन जाती है.
कम धुआं, हल्की और उपयोग में आसान
अरुण मोदी ने बताया कि गोबर से बनी यह लकड़ी पारंपरिक लकड़ी की तुलना में हल्की होती है और इसे जलाना भी आसान है. पूरी तरह से सुखा होने की वजह से धुआं काफी कम निकलता है और गौकाष्ठ के बीच में छेद होने से आसानी से ऑक्सीजन आर पार होती है और यह आसानी से जलता है. इसमें धुआं अपेक्षाकृत कम निकलता है. जिससे पर्यावरण को कम नुकसान होता है. गौकाष्ठ का उपयोग पूजन, हवन, तंदूर, भोजन पकाने और अंतिम संस्कार जैसे कार्यों में भी किया जा रहा है. जिले के कुछ होटलों में भी इसका उपयोग भोजन बनाने के लिए शुरू हो चुका है. समिति द्वारा कुछ लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए गौकाष्ठ नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया था.
होलिका दहन के लिए बेहतर विकल्प
समिति द्वारा 10 किलो का गौकाष्ठ बैग तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है. होलिका दहन में भी इसका बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा सकता है. जिससे पेड़ों की कटाई रोकी जा सकेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा. गौकाष्ठ प्राप्त करने के इच्छुक लोग श्री कोडरमा गौशाला समिति के मोबाइल नंबर 99315 03836 एवं 9931595000 पर संपर्क कर सकते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.