Koderma Explosive Theft Case: कोडरमा में नक्सलियों को बारूद सप्लाई करने के आरोप में 2016 से सील पड़ी मैगजीन का ताला तोड़कर 21 पेटी जिलेटिन पावर जेल चोरी कर ली गई है. गैस कटर से काटकर अंजाम दी गई. इस वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. क्या यह किसी बड़ी नक्सली साजिश की आहट है? पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें
गैस कटर से काटा ताला, 21 पेटी जिलेटिन पार
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाकायदा रेकी की थी. घने जंगलों के बीच स्थित इस मैगजीन के मुख्य द्वार पर दो ताले लगे थे. चोरों ने शातिर तरीके से एक ताला तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गैस कटर से काटकर भीतर प्रवेश किया. मैगजीन के अंदर रखी लगभग 21 पेटी जिलेटिन पावर जेल गायब है. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक की चोरी किसी बड़े गिरोह या संगठन की संलिप्तता की ओर इशारा कर रही है.
यह मैगजीन डोमचांच के फुलवरिया निवासी स्वर्गीय राजू मेहता की बताई जाती है. इसका इतिहास काफी संगीन रहा है. अगस्त 2016 में गया के बाराचट्टी में पुलिस ने एक वाहन से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था, जिसे नक्सलियों तक पहुंचाया जाना था. उसी मामले की कड़ियां जोड़ते हुए कोडरमा और गया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर इस मैगजीन को सील किया था. उस वक्त सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी और कोडरमा के तीन आरोपियों को सजा भी हुई थी.
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
सवाल यह उठता है कि जिस संवेदनशील स्थान को नक्सलियों से जुड़े मामले में सील किया गया था. उसकी सुरक्षा राम भरोसे क्यों थी? जंगल के बीच स्थित होने के बावजूद वहां कोई गार्ड या नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था नहीं थी. पुलिस की सील तोड़कर 21 पेटी बारूद ले जाना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है. जिसका इस्तेमाल आने वाले समय में किसी हिंसक वारदात के लिए किया जा सकता है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या इस चोरी के पीछे फिर से नक्सली संगठनों या संगठित अपराधियों का हाथ है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.