कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत मरकच्चो बाजार के पश्चिमी मोहल्ला में शुक्रवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा सड़क पर खेल रहा था तभी बाइक की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान पीयूष कुमार (3 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजन कुमार का पुत्र था। घटना के संबंध में पिता राजन कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पीयूष घर के बाहर सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। पीयूष अचानक बाइक की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पीयूष को सदर अस्पताल ले जाने के लिए निकले। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पीयूष की मौत हो गई। राजन कुमार ने बताया कि पीयूष उनका इकलौता पुत्र था। उनकी एक पुत्री भी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.