कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बेहराडीह गांव में एक अधेड़ व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बीती रात हुई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय रिंकू मेहता, पिता स्वर्गीय सदानंद मेहता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिंकू मेहता का अपने परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। कमरा अंदर से बंद था मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बीती रात खाना खाने के बाद रिंकू सोने चले गए थे। सुबह जब काफी देर तक वे नहीं उठे, तो पत्नी उन्हें जगाने उनके कमरे के पास गईं। उन्होंने देखा कि कमरा अंदर से बंद था। पत्नी ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को बुलाया। परिजनों और भतीजे ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची कमरे के अंदर प्रवेश करते ही परिजनों ने रिंकू को फांसी के फंदे पर झूलता पाया। इस घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तत्काल डोमचांच पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.