धनबाद पुलिस ने जिले के चर्चित कतरास बाजार डकैती कांड का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को बताया कि कतरास बाजार के खेतान टावर कॉम्प्लेक्स स्थित “विशेश्वर लाल ऑर्नामेंट्स” ज्वेलरी दुकान में सोमवार की रात हुई डकैती के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने जोगता थाना क्षेत्र से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। बताया गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी रेलवे लाइन के रास्ते भाग रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर आभास चंद्र सिंह और जवानों प्रदीप कुमार व रितेश मीणा की सतर्कता से उन्हें पकड़ा गया।
गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी के दौरान उनके पास से सोने के आभूषण, चांदी के बर्तन, सिक्के, बिछिया और पायल सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और एसडीपीओ बाघमारा पुरुषोत्तम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि इस डकैती में लगभग 20 से 22 किलोग्राम चांदी और करीब 400 ग्राम सोने के आभूषण लूटे गए थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.