जिले में गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैया चौकी के कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर और बड़गांव के बीच टमाटर से लदे पिकअप वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मासूम बच्ची समेत चार लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दमोह की ओर से कटनी आ रहा टमाटर से लदा पिकअप वाहन रैपुरा की तरफ जा रही मोटर साइकिल से आमने-सामने टकरा गया। बाइक पर तीन युवक सवार थे और आगे एक मासूम बच्ची बैठी हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 32 वर्षीय अन्नू बसोर, करीब चार साल की कुमारी भारती बसोर, विनोद बसोर और प्रेमलाल बसोर के रूप में हुई है। सभी मृतक पन्ना जिले के रैपुरा निवासी बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Dhar: इंदौर के बाद सरदारपुर में खतरे की घंटी, बीते दस दिनों से नलों में गंदे पानी की शिकायत, अब जागा प्रशासन
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने रीठी से पहले ही पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद ने बताया कि फरार चालक द्वारा छोड़े गए पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। हादसे के बाद कटनी-दमोह मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.