कटनी जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त जांच दल ने माधवनगर गेट क्षेत्र में छापेमारी कर 22 घरेलू एलपीजी सिलिंडर जब्त किए हैं। आरोपी अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहा था।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ संयुक्त जांच दल का गठन किया गया था। इसी क्रम में टीम ने माधवनगर गेट के पास स्थित सूरज बालानी के मकान पर दबिश दी। जांच के दौरान परिसर में संचालित दो दुकानों की तलाशी ली गई, जहां 14.2 किलोग्राम के कुल 22 घरेलू गैस सिलिंडर अवैध रूप से रखे पाए गए। मौके से तीन गैस बुक और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा भी जब्त किया गया।
पढ़ें: जंगल में चल रही दो अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर पुलिस का छापा, 25 लाख की सामग्री जब्त, 3 गिरफ्तार
जब अधिकारियों ने दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त सिलिंडरों में एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली, इंडियन ऑयल के 6 खाली तथा बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह घर से ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू के जरिए सिलेंडरों में गैस तौलकर लोगों को सप्लाई करता था।
सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एलपीजी (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन का मामला दर्ज कर प्रकरण तैयार किया जा रहा है, जिसे कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जब्त सिलिंडरों और तौल-कांटे को सुरक्षा के मद्देनजर अशोक गैस एजेंसी के संचालक संदीप यादव की सुपुर्दगी में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.