कटिहार के कुरसेला नगर पंचायत के इंदिराग्राम में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लगभग 50 हजार रुपये नकद सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण अलाव की चिंगारी बताई जा रही है। इंदिराग्राम में मवेशी अस्पताल के पास निर्मला देवी और मुकेश कुमार के मवेशी बथान के समीप अलाव जलाया गया था। देर रात परिवार के सदस्य सोने चले गए। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। आग की तेज लपटों से सो रहे लोगों की नींद खुली। उन्होंने देखा कि आग चारों ओर फैल चुकी है, जिसके बाद वे किसी तरह घर से बाहर निकले और पड़ोसियों को सूचना दी। बाल्टी-डिब्बों से आग बुझाने का किया प्रयास देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और डिब्बों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद कुरसेला थाना को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मिनी दमकल के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीनों घर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इस अग्निकांड में घर में रखा गेहूं, साइकिल, 50 हजार रुपए नगद और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। अंचल पदाधिकारी ने मौके का लिया जायजा घटना की जानकारी मिलने पर कुरसेला अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.