कटिहार में दिव्यांगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और अधिकारों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य (समाज कल्याण विभाग) के शिव शंकर रमानी के नेतृत्व में दिव्यांगों के प्रतिनिधिमंडल ने आज कटिहार के जिलाधिकारी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों की ज्वलंत समस्याओं और उनके अधिकारों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांगों में दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 को जिले में पूरी तरह से लागू करना शामिल था। रमानी ने जिलाधिकारी को बताया कि यह कानून 20 दिसंबर 2016 को अधिसूचित हुआ था और 19 अप्रैल 2017 से प्रभावी है। उन्होंने अवगत कराया कि कानून लागू हुए लगभग 9 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन कटिहार जिले में इसके कई प्रावधान अभी भी धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। इस अधिनियम के तहत दिव्यांगों की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 किया गया है, और उन्हें सरकारी नौकरियों में 4% आरक्षण, पेंशन तथा स्वास्थ्य देखभाल का लाभ मिलना अनिवार्य है। एक अन्य मांग पत्र के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने जिले के लगभग 1 लाख 40 हजार दिव्यांगों को अंत्योदय अन्न योजना से जोड़ने और उन्हें रियायती राशन कार्ड जारी करने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे दिव्यांग परिवारों को प्रतिमाह 35 किलो अनाज सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। समिति ने यह भी मांग की कि सभी सरकारी कार्यालयों, थानों और सार्वजनिक स्थानों पर इस अधिनियम की जानकारी देने वाले बैनर और होर्डिंग लगाए जाएं। इसका उद्देश्य दिव्यांगों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। रमानी ने बताया कि अधिनियम दिव्यांगजनों को अमानवीय व्यवहार, उत्पीड़न, क्रूरता, दुरुपयोग और हिंसा से बचाने का अधिकार देता है, जिसके लिए विशेष न्यायालय का भी प्रावधान है। उन्होंने आगे बताया कि इस अधिनियम में सभी दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, पेंशन, व्यवसाय हेतु ऋण, आवास, भूमिहीनों को भूमि और जरूरतमंद दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, उपस्कर एवं उपकरण आदि दिलाने का प्रावधान है। जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिव शंकर रमानी के अलावा संस्था के मीडिया प्रभारी विजय कुमार चंद्रवंशी ,मोहम्मद लोको ,मोहम्मद अली हक, वीरेंद्र ठाकुर आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.