मंत्री डॉ अरविंद शर्मा को चीनी मिल में एमडी समेत 11 कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने करनाल सहकारी चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैरहाजिर मिले चीनी मिल प्रबंध निदेशक (एमडी) समेत 11 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उन्होंने कहा कि चीनी मिल का पेराई सीजन किसानों के लिए त्योहार होता है और ऐसे समय में किसी भी अधिकारी, कर्मचारी द्वारा बरती गई लापरवाही को बख्शा नहीं जाएगा।
चीनी मिल में किसानों से मिले मंत्री अरविंद शर्मा।
गोहाना जा रहे थे मंत्री, अचानक पहुंचे चीनी मिल
शनिवार दोपहर बाद चंडीगढ़ से गोहाना लौट रहे सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा करनाल में मेरठ रोड स्तिथ करनाल सहकारी चीनी मिल में पहुंचे। वहां उन्होंने सबसे पहले किसानों के बीच पहुंचते हुए फीडबैक लिया।
किसानों द्वारा मिल परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लाने के रास्ते के जर्जर होने की जानकारी दी गई तो सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने तुरंत इस सड़क की स्पेशल रिपेयर करवाने के निर्देश दिए।

चीनी मिल के बार में जानकारी लेते हुए मंत्री अरविंद शर्मा।
प्रबंध निदेशक ही मिली गैर हाजिर
इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा प्रशासनिक परिसर में पहुंचे, जहां मिल प्रबंध निदेशक एचसीएस अदिति, 3 स्थाई व 8 अस्थाई अधिकारी, कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। उन्होंने तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद कैबिनेट मंत्री द्वारा गन्ना पेराई की प्रक्रिया को देखते हुए मिल अधिकारियों, कर्मचारियों से फीडबैक लिया गया।
किसानों में गन्ने के रेट से उत्साह
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार गन्ना किसानों को अगेती किस्म का भाव 415/-रुपए प्रति क्विंटल व पछेती किस्म का भाव 408/- रुपए प्रति क्विंटल देना सुनिश्चित किया है, जिससे किसानों में उत्साह है।
किसानों की तरक्की को लेकर प्रदेश सरकार निरन्तर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को रेस्ट हाउस से लेकर अटल कैंटीन तक किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

चीनी मिल के रजिस्टरों की जांच करते हुए मंत्री डॉ अरविंद शर्मा।
किसी प्रकार की कोताही न हो
यही नहीं, उन्होंने मिल परिसर में कार्यरत श्रमिकों के आर्थिक हितों को लेकर भी किसी प्रकार की कोताही न होने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सोमवार को मिल संबंधी रिकार्ड चंडीगढ़ कार्यालय में तलब किया है, इसके लिए लेखापाल को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.