करनाल में मंगलवार रात नेशनल हाईवे पर सेक्टर-6 ओवरब्रिज के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार हाईवे के बीचों-बीच पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच की जा रही है। चंडीगढ़ से लौट रहे चालक की कार पलटी
कीया कार चालक ने बताया कि वह चंडीगढ़ की तरफ से अपनी दुकान पर कर्ण विहार जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-6 ओवरब्रिज के पास पहुंचा तो सर्विस रोड पर अचानक दूसरी कार आई और सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उसकी गाड़ी कब पलट गई, उसे पता ही नहीं चला। उसने बताया कि उसके कंधे पर चोट आई है, लेकिन गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह मंजर
वाहन चालक सुमित, बिजेंद्र, राकेश, प्रवीन कुमार व अन्य ने बताया कि हादसा बहुत भयानक था। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी की जान नहीं गई। हालांकि दोनों गाड़ियां बुरी तरह टूट गईं। हाइड्रा क्रेन से हटवाए गए वाहन
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटी और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क किनारे कराया गया। इसके बाद यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.