कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन के तलवंडी चौधरियां गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। मृतका की पहचान तलवंडी चौधरियां निवासी परमजीत की पत्नी मोनिका के रूप में हुई है। सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है और मौत के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। तलवंडी चौधरियां थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखवा दिया है। पड़ोसियों ने दी मायके वालों को सूचना मृतका के पिता राम लुभाया निवासी जवाहर नगर भुलत्थ गांव ने बताया कि उनकी बेटी मोनिका विद्वान (28) ने करीब चार साल पहले तलवंडी चौधरियां निवासी परमजीत से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। पिता राम लुभाया और चाचा तरसेम सिंह के अनुसार, गुरुवार दोपहर उन्हें मोनिका के पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। जब वे तलवंडी चौधरियां पहुंचे, तो उन्हें मोनिका की मौत की जानकारी मिली। ससुराल वालों ने बताया कि मोनिका ने आत्महत्या कर ली है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उन्हें इस घटना के बारे में कोई सूचना नहीं दी थी। ससुराल वालों पर हत्या का आरोप मायके परिवार ने आरोप लगाया है कि मोनिका के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या ससुराल वालों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.