राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार तीसरे दिन रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रांची से सटे का
रांची से सटे कांके में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जबकि मैक्लुस्कीगंज में पारा 5 डिग्री तक गिर गया। शाम ढलते ही कनकनी तेज हो जा रही है और ठंडी हवाओं के कारण खुले में निकलना मुश्किल हो रहा है। बाजारों में शाम के समय सन्नाटा जल्दी पसर जा रहा है। लोग जरूरी काम निपटाकर घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ठंड बढ़ने से बच्चे और बुजुर्ग खास तौर पर प्रभावित दिख रहे हैं।
सामान्य से नीचे है कई जिलों का तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व दिशा से सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे पूरे झारखंड में तापमान में तेज गिरावट आई है। गुमला में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, खूंटी में 5.7 डिग्री और लोहरदगा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में 8.1 डिग्री, चाईबासा में 9.4 डिग्री और सरायकेला में 9.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व दिशा से सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे पूरे झारखंड में तापमान में तेज गिरावट आई है।
मेदिनीनगर में पारा 7.1 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि जामताड़ा, साहिबगंज और गोड्डा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिकतम तापमान चाईबासा में 28.8 डिग्री रहा। रांची में अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब दो डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन में भी हल्की ठंड का एहसास बना रहा।
आज से राहत मिलने के आसार
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। इस दौरान सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है।
जबकि बाद में आसमान साफ रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 दिसंबर के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

अगले पांच दिन बदले-बदले रहेंगे तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार देवघर, धनबाद, दुमका, जामताड़ा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं चतरा, गढ़वा, पलामू और लोहरदगा में फिलहाल ठंड का असर ज्यादा रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के आसपास रहने के बाद धीरे-धीरे 10 से 11 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में भी ठंड से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.