Last Updated:
Small Business Ideas: कम पूंजी में अपना काम शुरू करने की सोच रहे हैं? जमशेदपुर के मैकेनिक आसिफ से जानिए कैसे मात्र ₹40,000 से ₹50,000 के निवेश में पंचर की दुकान खोलकर हर महीने ₹25,000 तक की पक्की कमाई की जा सकती है. जानें जरूरी औजारों की लिस्ट और बिजनेस को सफल बनाने के मूल मंत्र.
जमशेदपुर: आज के दौर में जब हर तरफ सरकारी और प्राइवेट नौकरियों की होड़ मची है. वहीं जमशेदपुर के युवाओं के लिए स्वरोजगार का एक ऐसा अवसर सामने आया है. जिसमें निवेश कम और मांग बारह महीने बनी रहती है. हम बात कर रहे हैं पंचर रिपेयरिंग बिजनेस की. सड़कों पर दौड़ते दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बढ़ती संख्या ने इस छोटे से दिखने वाले काम को एक मुनाफे वाले बिजनेस में बदल दिया है.
कम निवेश, सदाबहार काम
लोकल 18 से खास बातचीत में जमशेदपुर के अनुभवी मैकेनिक आसिफ बताते हैं कि पंचर की दुकान एक ऐसा विकल्प है जो कभी मंदी का शिकार नहीं होता. आसिफ के अनुसार सड़कों पर जब तक गाड़ियां चलेंगी, तब तक टायर पंचर होंगे. यह एक ऐसा काम है जिसे कोई भी व्यक्ति थोड़ी सी ट्रेनिंग के बाद आसानी से शुरू कर सकता है. इसके लिए किसी बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं, बस हाथों का हुनर और मेहनत करने का जज्बा चाहिए.
₹40000-50000 लगेगी पूंजी
अगर आप यह काम शुरू करना चाहते हैं, तो आपको बहुत बड़े शोरूम की जरूरत नहीं है. आसिफ बताते हैं कि मात्र ₹40000 से ₹50000 की शुरुआती पूंजी एक अच्छी दुकान सेटअप करने के लिए पर्याप्त है. इस निवेश में दुकान के लिए आवश्यक मशीनें और शुरुआती कच्चा माल आ जाता है. यदि आपकी दुकान किसी मुख्य सड़क या हाईवे के पास है, तो यह निवेश मात्र कुछ ही महीनों में वापस निकल आता है.
बिजनेस शुरू करने के लिए जरूरी औजार
पंचर की दुकान खोलने के लिए आपको कुछ बुनियादी मशीनों और टूल्स की आवश्यकता होगी. एयर कंप्रेसर (हवा भरने वाली मशीन)यह इस बिजनेस की जान है. पंचर किट टायर से कील निकालने और सुराग भरने के टूल्स. टायर लीवर और नोजल टायर को रिम से अलग करने और हवा चेक करने के लिए. पैच और सॉल्यूशन ट्यूब या ट्यूबलेस टायर को जोड़ने के लिए अच्छी क्वालिटी का रबर पैच और गोंद. वॉल्केनाइजिंग मशीन गर्म पंचर बनाने के लिए छोटी हीटिंग मशीन.
₹25000 प्रति माह तक आय
आज के समय में एक बाइक का पंचर बनाने की कीमत ₹50 से ₹80 के बीच है. वहीं कारों और बड़े वाहनों के लिए यह ₹150 से ₹300 तक जाती है. आसिफ का कहना है कि अगर दुकान सही लोकेशन पर है और आप रोजाना 10-15 ग्राहकों को भी सर्विस देते हैं, तो महीने के ₹20,000 से ₹25,000 आसानी से कमाए जा सकते हैं. हाईवे या भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह कमाई ₹40,000 तक भी पहुंच सकती है.
सफलता के मूल मंत्र, ईमानदारी और व्यवहार
आसिफ इस बिजनेस में टिके रहने के लिए कुछ जरूरी सुझाव देते हैं. व्यवहार ही पूंजी है. ग्राहक के साथ अच्छा बर्ताव उन्हें दोबारा आपकी दुकान पर लाता है. समय की कीमत. पंचर बनवाने वाला व्यक्ति अक्सर जल्दी में होता है, इसलिए फुर्ती से काम करना सीखें. टायर की स्थिति के बारे में ग्राहक को सही जानकारी दें. अगर काम टिकाऊ होगा, तो बाजार में आपकी साख बनेगी. आजकल ट्यूबलेस टायर और नाइट्रोजन हवा का चलन बढ़ गया है, इसलिए नई मशीनों और तकनीक की जानकारी जरूर रखें.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.