बताया जा रहा है कि एजेंसी का सर्वर डाउन रहने के कारण गैस वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिसके चलते सुबह से लाइन में लगे कई उपभोक्ता दोपहर बाद तक भी अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. भीड़ को देखते हुए एजेंसी की खिड़कियों की संख्या भी बढ़ाई गई, लेकिन इसके बावजूद भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल रहा.
दरअसल, ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक ईंधन संकट की आशंका को देखते हुए गैस की उपलब्धता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत सख्ती बढ़ा दी है. इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है. पहले जहां उपभोक्ता 21 दिन बाद दोबारा सिलेंडर बुक कर सकते थे, वहीं अब यह अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है. यानी अब अगली बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही संभव होगी.
एम्पलाइज कॉलोनी निवासी उपभोक्ता जगमेंद्र ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर खड़ा है, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया. उन्होंने कहा कि घर में खाना बनाने के लिए गैस नहीं है, जबकि एजेंसी की ओर से कभी ओटीपी की समस्या बताई जाती है. साथ ही उन्हें गैस सब्सिडी भी नहीं मिली है.
वहीं शहर से करीब 2 किलोमीटर दूर से आए चिंतामणि जोशी ने बताया कि वे सुबह से गैस सिलेंडर लेने के लिए निकले थे. तीन अलग-अलग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बाद बड़ी मुश्किल से उन्हें सिलेंडर मिला है, लेकिन मोबाइल पर अभी तक ओटीपी भी नहीं आया.
दूसरी ओर विजयनगर निवासी बलवान सिंह ने बताया कि उन्होंने घर से ही ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुक कर लिया था और एजेंसी पहुंचते ही उन्हें सिलेंडर मिल गया.
ढाबा संचालक ने दी जानकारी
पुराने बस स्टैंड के पास ढाबा चलाने वाले राजकुमार ने बताया कि उनके ढाबे पर खाना मुख्य रूप से तंदूर में बनाया जाता है, इसलिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल बहुत कम होता है. हालांकि अब सिलेंडर पहले से ज्यादा कीमत पर मिल रहा है.
मॉडर्न गैस एजेंसी के अधिकारी नवनीत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एजेंसी के काउंटर पर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की सप्लाई के बीच का अंतराल अब 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. ओटीपी की समस्या 2023 से बीच-बीच में आती रहती है, लेकिन एजेंसी की ओर से निरंतर सप्लाई दी जा रही है. वहीं पूनम गैस एजेंसी के अधिकारी राजकुमार ने बताया कि उनकी एजेंसी पर रोजाना करीब 300 सिलेंडरों की खपत हो रही है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही. जिला खाद्धय आपूर्ति विभाग के अधिकारी से बात करने पर उन्होंने बताया कि वे इस समय ऑफिस में नहीं है और सोमवार को अपना वक्तव्य देंगे.
उधर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का घरेलू एलपीजी पेट्रोल और डीजल आपूर्ति पर कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं हैं और हरियाणा में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध जारी है. खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई है और तेल कंपनियों ने किया आश्वस्त कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक है उपलब्ध, गैस की भी आपूर्ति निरंतर हो रही है. सीएम ने कहा क कामर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.