राज्य के कई जिलों में हालिया बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रात और सुबह के समय ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप अब चुभने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह स्थिति अगले 24 घंटे तक बनी रहेगी। शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत हैं। सुबह हल्का कुहासा रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी का असर साफ दिखेगा। राज्य के 10 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दो दिन पहले हुई बारिश का असर न्यूनतम तापमान पर दिख रहा है। कई जिलों में रात का पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे सुबह-शाम हल्की सर्दी बनी हुई है। चाईबासा सबसे गर्म, गुमला में सबसे कम पारा तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो चाईबासा राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। जमशेदपुर में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आई। बोकारो में भी रात का पारा 1.6 डिग्री नीचे आया। गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में 1.2 डिग्री गिरा न्यूनतम पारा राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री गिरकर 13.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है। हालांकि 28 फरवरी से अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार जाने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का यह मिश्रित दौर जारी रहेगा। अगले चार दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और गर्मी का असर और स्पष्ट हो जाएगा। अधिकांश जिलों में आज बढ़ेगा तापमान 26 फरवरी को अधिकांश जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं। देवघर, धनबाद और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि दुमका और साहिबगंज में 31 डिग्री के आसपास रहेगा। गोड्डा 32 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। चतरा, गढ़वा और पलामू में अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोडरमा में 29 डिग्री और लातेहार में 30 डिग्री रहने का अनुमान है। लोहरदगा अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। बोकारो 32 डिग्री के साथ गर्म जिलों में शामिल रहेगा, जबकि रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच रहेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.