हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने छरी (स्टोन चिप्स) लदे एक हाईवा वाहन को रोककर उसमें आग लगा दी। घटना में वाहन का इंजन और चेसिस पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि समय रहते आग बुझा लेने से हाईवा का डाला बच गया।
जानकारी के अनुसार हाईवा इचाक से छरी लोड कर हरली गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मूडकट्टी चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर वाहन को रुकवा लिया। अपराधियों ने चालक को जबरन नीचे उतार दिया और इसके बाद हाईवा के इंजन व चेसिस में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अग्निशमन दल को भी सूचना दी गई। दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाईवा का इंजन और चेसिस पूरी तरह जल चुके थे। यदि आग बुझाने में थोड़ी और देर होती तो पूरा वाहन जलकर राख हो सकता था।
पढ़ें: झारखंड में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बस पलटी, तीन की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि हाल ही में बड़कागांव थाना में प्रशासनिक बदलाव भी हुआ है। नए थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने शाम करीब सात बजे ही थाना का प्रभार संभाला है। वहीं पूर्व थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और मामलों के उद्भेदन में ढिलाई के कारण लाइन हाजिर किए जाने की चर्चा है।
इस मामले में नए थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.