Last Updated:
Hazaribagh Agriculture News : हजारीबाग की मालती देवी ने 5 कट्ठे में स्ट्रॉबेरी की खेती कर 100000 रुपये का मुनाफा कमाया है. उन्होंने छत्तीसगढ़ से पौधे मंगवाकर नेट हाउस में खेती की. अब अन्य किसान भी उनसे प्रेरणा ले रहे हैं.
हजारीबाग: बदलते दौर में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई और लाभकारी फसलों की ओर भी तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं. आधुनिक तकनीक और नई जानकारी के कारण किसान खेती में प्रयोग कर बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं. झारखंड के हजारीबाग जिले में भी ऐसे कई किसान सामने आ रहे हैं. जो नई फसलों की खेती कर मिसाल कायम कर रहे हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि इस बदलाव में महिला किसान भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं और खेती के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं.
5 कट्ठे में की स्ट्रॉबेरी की खेती
हजारीबाग के चरही प्रखंड के चनारो गांव की रहने वाली महिला किसान मालती देवी इन दिनों अपने स्ट्रॉबेरी की खेती के कारण पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. मालती देवी ने अपने खेत में करीब 5 कट्टे जमीन पर स्ट्रॉबेरी की उन्नत खेती की है. यह खेती उनके लिए काफी सफल साबित हुई है. इससे उन्होंने अच्छा मुनाफा भी कमाया है. अब आसपास के किसान भी उनसे प्रेरणा लेकर इस खेती के बारे में जानकारी ले रहे हैं.
मालती देवी ने लोकल 18 से बताया कि उन्हें खेती में नए-नए प्रयोग करने का हमेशा से शौक रहा है. जब उन्हें जानकारी मिली कि जिले के दूसरे प्रखंडों में कुछ किसान स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं. तब उन्होंने भी इसे प्रयोग के तौर पर शुरू करने का फैसला किया. शुरुआत में उन्होंने अपने खेत में नेट हाउस लगाकर स्ट्रॉबेरी के पौधे लगाए. नेट हाउस का उपयोग इसलिए किया गया. ताकि कीड़े-मकोड़ों से फसल की सुरक्षा हो सके और बेहतर पैदावार मिल सके.
मालती देवी ने बताया कि शुरुआत में उन्हें सबसे बड़ी परेशानी पौधों को लेकर हुई. झारखंड की स्थानीय नर्सरियों में स्ट्रॉबेरी के पौधे उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से छत्तीसगढ़ से स्ट्रॉबेरी के छोटे पौधे मंगवाए. पौधे लगाने के बाद उन्होंने नियमित देखभाल की और धीरे-धीरे उनका यह प्रयोग सफल होने लगा. कुछ ही महीनों में उनके खेत में लाल-लाल स्ट्रॉबेरी की फसल लहलहाने लगी.
100000 का हुआ मुनाफा
उन्होंने आगे बताया कि इस खेती से उन्हें लगभग एक लाख रुपये तक का मुनाफा हुआ है. स्ट्रॉबेरी की मांग स्थानीय बाजार में अच्छी होने के कारण उन्हें इसे बेचने में भी ज्यादा परेशानी नहीं हुई. कई बार तो व्यापारी खुद उनके घर पहुंचकर फसल खरीद कर ले जाते थे. मालती देवी अब भविष्य में बड़े पैमाने पर स्ट्रॉबेरी की खेती करने की योजना बना रही हैं. उन्होंने बताया कि अगर किसानों को सही जानकारी और तकनीक मिले तो वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ ऐसी नकदी फसलों से भी अच्छी कमाई कर सकते हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.