झाबुआ पुलिस ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा को कड़ा करने का फैसला किया है। एसपी डॉ. शिव दयाल सिंह ने शनिवार को कंट्रोल रूम में जिले के सभी एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में भगोरिया हाट, होली, धुलेंडी, गल-चुल और रमजान जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर चर्चा हुई। सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। भगोरिया हाट जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भीड़ नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात छेड़छाड़, चोरी और जेबकतरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में यातायात प्रबंधन और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के मर्यादित इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी असामाजिक तत्व हुड़दंग या शांति भंग करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काउ पोस्ट पर भी होगी कार्रवाई पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेगा। भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ साइबर सेल सक्रिय रहेगा और अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि वे विशेष सतर्कता बरतें ताकि आम नागरिक पूरा सुरक्षा और हर्षोल्लास के साथ अपने त्योहार मना सकें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.