Protect Cows From Cold And Cough: छत्तीसगढ़ में जनवरी की तेज सर्द हवाओं के कारण गायों में सर्दी-जुकाम, खांसी, कमजोरी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, इसलिए पशुपालकों को उनकी विशेष देखभाल करनी जरूरी है. पशु चिकित्सा विभाग की सलाह से आप भी अपनी गाय को ठंड से बचा सकते हैं.
इन लक्षणों पर ध्यान दें
पशु चिकित्सा विकास विभाग के अतिरिक्त उप संचालक डॉ. बीआर. खंडे ने बताया कि यदि गाय में सर्दी के लक्षण दिखाई दें, जैसे नाक से पानी आना, खांसी, सुस्ती या भूख कम लगना, तो सबसे पहले उसके रहने की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए.
किन बातों का रखें ध्यान
पशुओं को ऐसी जगह रखें जहां गर्मी बनी रहे और ठंडी हवा का सीधा आवागमन न हो. पशु शेड को चारों ओर से अच्छी तरह ढककर रखें, ताकि ठंडी हवाएं अंदर न आ सकें. फर्श को सूखा रखें और रात के समय बोरा या कंबल डालना भी फायदेमंद होता है.
अपनाएं देसी नुस्खे
डॉ. खंडे ने घरेलू उपचार के रूप में गुड़, अजवाइन और अदरक से बना देशी नुस्खा अपनाने की सलाह दी है. इसके लिए एक बर्तन में गुनगुना पानी लें, उसमें गुड़ घोलें. फिर इसमें कुटा हुआ अदरक और अजवाइन डालकर अच्छी तरह उबाल लें. चाहें तो इसमें थोड़ी मात्रा में कपूर भी मिलाया जा सकता है. ठंडा होने के बाद यह मिश्रण गाय को पिलाने से शरीर में गरमाहट बनी रहती है और सर्दी-जुकाम में राहत मिलती है. चिकित्सकों के अनुसार अजवाइन में मौजूद औषधीय गुण पाचन सुधारते हैं और ठंड से होने वाली समस्याओं को कम करते हैं, जबकि गुड़ ऊर्जा का अच्छा स्रोत है और शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है. यह घरेलू उपाय हल्की सर्दी-जुकाम की स्थिति में काफी असरदार होता है. उन्होंने पशु पालकों को यह भी सलाह दी कि यदि गाय में तेज बुखार या गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क कर उचित दवा और इलाज कराएं. समय पर देखभाल और सही प्रबंधन से सर्दी के मौसम में गायों को स्वस्थ रखा जा सकता है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.