Jamui Teacher Attendance Case: जमुई जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रतापपुर के शिक्षक अमरेंद्र कुमार ने झारखंड से अपनी हाजिरी दर्ज की. इस पूरे मामले का रैंडम जांच में खुलासा हुआ है. ऐसे में अब जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
शिक्षा विभाग ने कर दी कार्रवाई
रैंडम जांच में हुआ खुलासा
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर रैंडम जांच की गई तो यह बड़ा खुलासा हुआ कि शिक्षक अमरेंद्र कुमार कई दिनों तक स्कूल नहीं पहुंचे हैं, लेकिन पोर्टल पर नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करते रहे. इस मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग में हलचल मच गई और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई. जांच के दौरान पता चला कि संबंधित शिक्षक ने जनवरी, फरवरी और मार्च महीने के कई दिनों में स्कूल नहीं पहुंचकर झारखंड के देवघर स्थित अपने घर से ही उपस्थिति दर्ज की. पकड़े जाने के डर से उन्होंने पोर्टल पर उपस्थिति का कारण ऑफिस वर्क दिखाया और मार्क ऑन ड्यूटी विकल्प का उपयोग कर अपनी हाजिरी बना ली. विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि जनवरी की 19 और 20 तारीख, फरवरी की 3, 5, 6, 7, 19, 21 और 24 तारीख तथा मार्च की 9 और 10 तारीख को शिक्षक की लोकेशन संदिग्ध पाई गई.
शिक्षक के खिलाफ अब होगी कार्रवाई
वहीं, तकनीकी जांच में यह पता चला कि इन दिनों में उनकी लोकेशन स्कूल के बजाय देवघर क्षेत्र में दर्ज हुई थी. मामले का खुलासा होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और फर्जीवाड़ा मानते हुए संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है. डीईओ ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी सेवा में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि ई-शिक्षाकोष के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जाएगा. इस घटना के सामने आने के बाद जिले के शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है.
About the Author

बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.