जमुई के भजौर स्थित पंचमुखी मंदिर के पास शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी-2 टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज छह मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया। पुलिस की समय पर सहायता मिलने से घायल की जान बच सकी। जानकारी के अनुसार, महिसौड़ी निवासी सुधांशु कुमार अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण सुधांशु कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ईआरवी-2 जमुई की टीम तेजी से घटनास्थल के लिए रवाना हुई और कुछ ही मिनटों में वहां पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को संभाला और तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही घायल का परिवार भी अस्पताल पहुंच गया। घायल के परिजनों ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि डायल 112 की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो घायल की स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इस राहत कार्य में एएसआई मनोज कुमार पासवान, कांस्टेबल 345 मुकेश कुमार, महिला कांस्टेबल बीएचजी-471247 कंचन कुमारी और एसएपी चालक शशिकांत निराला की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की सराहना की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.