बिहार सरकार द्वारा डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में सोमवार को जमुई में डीजे संचालकों और टेंट एसोसिएशन के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के श्री कृष्णा सिंह मेमोरियल स्टेडियम परिसर में एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया, जिसमें दर्जनों व्यवसायियों ने भाग लिया। उन्होंने जिलाधिकारी, एसडीएम और डीटीओ को लिखित ज्ञापन सौंपकर नियम वापस लेने या उसमें संशोधन करने की मांग की। बुकिंग लेकर अग्रिम राशि ले ली
धरना का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि लगन का सीजन शुरू हो चुका है और अधिकांश संचालकों ने पहले ही बुकिंग लेकर अग्रिम राशि ले ली है। ऐसे में अचानक प्रतिबंध लागू होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर रोजगार बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्वरोजगार से जुड़े लोगों का काम बंद कर रही है। साउंड लेवल तय कर डीजे की अनुमति मिले
संतोष सिंह ने सुझाव दिया कि पूर्ण प्रतिबंध के बजाय समय सीमा और ध्वनि स्तर तय कर डीजे चलाने की अनुमति दी जाए। संघ के सचिव अशरफ अंसारी ने कहा कि जिले में लगभग 460 लोग डीजे संचालन से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। यह फैसला उनकी जीविका के लिए संकट बन सकता है। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार प्रतिबंध लागू ही रखना चाहती है तो प्रभावित संचालकों के लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था करे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में डीजे के उपयोग पर सवाल उठाते हुए इसे दोहरा मापदंड बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमावली में जल्द संशोधन नहीं किया गया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.