जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर मोड़ पर रविवार सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 44 वर्षीय फुरकान अंसारी (पिता– नूर मोहम्मद) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे की ओर से आए। हाईवे पर कुछ देर रुककर उन्होंने मास्क पहना और फिर धर्मपुर मोड़ की ओर बढ़े। वहां पहले से बैठे फुरकान अंसारी को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने सीधे उनके मुंह पर गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। मौके से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम गोली लगने के बाद फुरकान अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल जामताड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण मंसूर आलम ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई और देखा कि फुरकान अंसारी लहूलुहान पड़े हैं। वहीं एक अन्य ग्रामीण सोनू सिंह ने जिले में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि यह हाल के दिनों में तीसरी वारदात है। घटनास्थल पहुंचे वरीय अधिकारी, कई बिंदुओं पर जांच घटना की सूचना मिलते ही एक घंटे के भीतर थाना प्रभारी, एसडीपीओ सहित वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फायरिंग के बाद अपराधी गांव की ओर कच्चे रास्ते से होते हुए मुख्य मार्ग की तरफ फरार हो गए। पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी में है। हालांकि मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने फिलहाल मामले पर कुछ भी कहने से इनकार किया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.