Jamshedpur News: जमशेदपुर की सड़कों पर इन दिनों ट्रैफिक सिग्नल के साथ-साथ एक ऐसा किरदार भी दिख रहा है, जिसे देखकर लोग चौंक जा रहे हैं. काले वस्त्र, गदा और गंभीर चेहरा—यह कोई फिल्म की शूटिंग नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा का अनोखा अभियान है.
जमशेदपुर जिले के उपायुक्त के निर्देश पर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला प्रशासन ने आम तरीकों से हटकर एक रचनात्मक पहल की है. यमराज के वेश में कलाकार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर उन लोगों को रोक रहे हैं, जो बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट या तेज़ रफ्तार में वाहन चला रहे हैं.
सड़कों पर यमराज की एंट्री
कभी यमराज बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवक के सिर पर प्रतीकात्मक रूप से बैठ जाते हैं, तो कभी गदा लहराकर इशारा करते हैं आज नियम तोड़ा, तो कल यमलोक पक्का. यह दृश्य देखने में भले ही मज़ेदार लगे, लेकिन इसका संदेश बेहद गहरा है. सड़क पर की गई एक छोटी-सी लापरवाही कब ज़िंदगी छीन ले, कोई नहीं जानता.इस अनोखे अभियान की खास बात यह रही कि मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी भी मौजूद रहे.
ट्रैफिक नियमों को बोझ नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच समझें
अधिकारियों ने फूल देकर लोगों से अपील की. वे ट्रैफिक नियमों को बोझ नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच समझें. हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल और गति सीमा—ये सभी नियम किसी को परेशान करने के लिए नहीं है.बल्कि घर सुरक्षित लौटने की गारंटी हैं.सड़क सुरक्षा माह के तहत चल रहा यह यमराज अभियान अब शहर में चर्चा का विषय बन चुका है. लोग रुककर फोटो खिंचवा रहे हैं, वीडियो बना रहे हैं. इसके साथ ही नियमों पर सोचने को मजबूर भी हो रहे हैं. प्रशासन को उम्मीद है कि डर के नहीं, समझदारी के साथ लोग यातायात नियमों को अपनाएंगे. क्योंकि सच्चाई यही है.अगर आप नियमों का पालन करेंगे. यमराज को सड़कों पर आने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.