Jamshedpur News: जमशेदपुर के सदर अस्पताल खासमहल में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को 100 बेड वाले आधुनिक फैब्रिकेटेड अस्पताल और सिकल सेल एनीमिया लैब का उद्घाटन किया.
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि यह अस्पताल केवल एक नई इमारत नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का संकल्प है. सरकार का उद्देश्य है कि जिला अस्पतालों को इतना सक्षम बनाया जाए कि मरीजों को रेफरल की आवश्यकता न पड़े. गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. अस्पताल पूरी तरह आधुनिक स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है. जिसमें प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मी तैनात होंगे ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
13.90 लाख से अधिक ABHA कार्ड बनाए
कोल्हान क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया जांच के लिए सरकारी लैब का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था. नई लैब की शुरुआत से अब मरीजों को जांच और उपचार दोनों की सुविधा जिले में ही मिलेगी. मंत्री ने कहा कि खासमहल सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य जारी है.अस्पताल की प्रमुख उपलब्धियों में डिजिटल हेल्थ सेवाओं का विस्तार उल्लेखनीय है. आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले में अब तक 13.90 लाख से अधिक ABHA कार्ड बनाए जा चुके हैं. साथ ही, ई-हॉस्पिटल सेवा के माध्यम से स्कैन-एंड-शेयर, डिजिटल पर्ची और पेपरलेस सेवा की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. जिले में अब तक 9.54 लाख आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार में बड़ी सहायता मिल रही है.
ICU में 193 मरीजों का इलाज
सदर अस्पताल के विभिन्न यूनिट भी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं. ICU में इस वित्तीय वर्ष में 193 मरीजों का इलाज, डायलिसिस यूनिट में 835 डायलिसिस और SNCU में 344 नवजातों का उपचार किया जा चुका है. सिकल सेल अभियान के तहत 81,650 लोगों की स्क्रीनिंग कर 26 मरीजों का इलाज किया गया है.यह नए अस्पताल और लैब की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.