जमशेदपुर के उद्योगपति कैरव गांधी अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बिहार के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं. हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी मुठभेड़ में गुड्डू सिंह सहित तीन बदमाश घायल हो गए. आरोपियों का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है.
उद्योगपति कैरव गांधी का अपहरण 13 जनवरी को अपराधियों द्वारा कर लिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद बिहार पुलिस के सहयोग से गया, पटना और नालंदा जिलों में सघन छापेमारी की गई, जहां से छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान सभी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.
कार्रवाई के दौरान मुठभेड़
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जमशेदपुर के सोनारी सर्किट हाउस स्थित साईं मंदिर रोड पर हथियार बरामद करने के लिए एक अभियान चला रही थी. पेट्रोल पंप के पास नाले के समीप झाड़ियों से पुलिस ने दो देसी कट्टा और 315 बोर की चार गोलियां बरामद कीं.
एसएसपी ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपियों और बरामद सामान के साथ लौट रही थी, तभी तीन अपराधियों गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा ने अचानक एक आरक्षी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी. आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की, जिससे तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए. घायलों का फिलहाल एमजीएम अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है.
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
- गुड्डू सिंह उर्फ सिंह साहेब, नालंदा
- उपेन्द्र सिंह, गयाजी
- अर्जुन सिंह उर्फ आर्यन, गयाजी
- मोहम्मद इमरान उर्फ आमिर, नालंदा
- रमीज राजा, नालंदा
- मोहन कुमार प्रसाद, पटना
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.