20 मिनट में प्रोसेस पूरा
इस वैन के आने से रोजाना 50 अतिरिक्त आवेदकों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है. मोबाइल पासपोर्ट वैन पूरी तरह तकनीक से लैस है. इसमें बायोमेट्रिक सिस्टम, फोटो कैप्चर मशीन, दस्तावेज़ स्कैनर और तत्काल रजिस्ट्रेशन सुविधा मौजूद है. इससे अब आवेदकों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता. पहले जहां स्लॉट बुकिंग के बाद वेरिफिकेशन में काफी समय लगता था, वहीं अब सिर्फ 15 से 20 मिनट में पूरा प्रोसेस हो जा रहा है.
पासपोर्ट बनवाने पहुंचे राहुल ने बताया कि, “जब से मोबाइल वैन आ रही है, प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है. अब न तो रांची जाने की जरूरत पड़ती है और न ही स्लॉट के लिए उतना इंतजार करना पड़ता है. यहां पहुंचते ही तुरंत वेरिफिकेशन कर दिया जाता है.” उनका कहना है कि इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है.
वहीं पासपोर्ट रिन्यूअल कराने आए अनिल जी ने बताया कि, “आज से 15 साल पहले जब मैं पासपोर्ट बनवाने आया था, तब यह प्रक्रिया इतनी सहज नहीं थी. भीड़ कम थी लेकिन सुविधाएं बहुत कम थीं. आज तकनीक ने सब कुछ बदल दिया है. अब चलता-फिरता पासपोर्ट ऑफिस हमारे सामने आकर खड़ा है. सिर्फ 15–20 मिनट में पासपोर्ट वेरिफिकेशन हो जा रहा है, यह पहले संभव नहीं था.”
पासपोर्ट सेवा केंद्र बिस्तुपुर पर दबाव कम
मोबाइल वैन व्यवस्था शुरू होने के बाद पासपोर्ट सेवा केंद्र बिस्तुपुर पर दबाव भी कम हुआ है. स्टाफ के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में आवेदन तेजी से बढ़े थे, जिससे भीड़ बढ़ रही थी. लेकिन रांची से आने वाली यह मोबाइल इकाई अब इस भार को संतुलित कर रही है.
इसके अलावा वैन के आने से ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा मिली है. कई आवेदक बताते हैं कि पहले उन्हें रांची जाकर कई घंटे खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब जमशेदपुर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से दूरी और खर्च दोनों में कमी आई है.
कुल मिलाकर मोबाइल पासपोर्ट वैन जमशेदपुर के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है. बढ़ती मांग को संभालने के लिए यह पहल न केवल समय की बचत कर रही है, बल्कि पासपोर्ट प्रक्रिया को और अधिक तेज़, सरल और पारदर्शी बना रही है. आने वाले दिनों में इस सेवा के और बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे शहर के और भी अधिक लोगों को लाभ मिलेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.