शुरू से की जाती है नींव मजबूत
इस विद्यालय में कक्षा 1 से लेकर 8 तक की पढ़ाई होती है. कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला भाषा के साथ-साथ गणित और ईवीएस की मजबूत शिक्षा दी जाती है. वहीं कक्षा 6 से 8 तक पहुंचते-पहुंचते बच्चों को विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाता है, ताकि आगे की पढ़ाई में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो. पढ़ाई का तरीका इतना प्रभावी है कि बच्चों की शैक्षणिक नींव शुरू से ही मजबूत हो जाती है.
शानदार आता है रिजल्ट
इस स्कूल की सबसे बड़ी खासियत इसका शानदार रिजल्ट है. लगभग हर वर्ष यहां के छात्रों का परिणाम ए-प्लस रहता है, जिसके कारण दूर-दराज के गांवों से भी अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन कराने यहां पहुंचते हैं. दामोदरपुर के अलावा भुला, लावजोड़ा, जामबनी, मोहनपुर, नामशोल, कदमजोड़ा, चामीडीह, पवनपुर, शुक्ला और कांदरूजोना सहित बहुत से गांवों के बच्चे यहां पढ़ने आते हैं. वर्तमान में इस विद्यालय में कुल 231 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं.
यहां एडमिशन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार होती है. कई बार मंत्री-विधायक या प्रभावशाली लोगों की सिफारिशें भी आती हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन नियमों से कोई समझौता नहीं करता. इसी निष्पक्ष व्यवस्था के कारण इस स्कूल की विश्वसनीयता और सम्मान लगातार बढ़ता जा रहा है.
शिक्षा के अलावा भी सर्वांगीण विकास पर जोर
स्कूल के प्राचार्य संतोष कुमार राय बताते हैं कि यहां बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाता. विद्यार्थियों को जनरल नॉलेज, जनरल अवेयरनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दी जाती है. चारों ओर खेती-किसानी से भरे माहौल का लाभ उठाते हुए बच्चों को जैविक खेती, पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाता है.
यहां से निकले स्टूडेंट्स अच्छी जगहों पर
इसी समर्पित शिक्षण व्यवस्था का परिणाम है कि इस स्कूल से पढ़े कई छात्र आज एमबीबीएस डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और विभिन्न सरकारी पदों पर कार्यरत हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर परिणाम देने वाला यह विद्यालय साबित करता है कि अच्छी शिक्षा के लिए महंगी फीस नहीं, बल्कि समर्पित शिक्षक, सही माहौल और मजबूत सोच की जरूरत होती है. यही वजह है कि Upgraded Middle School Damodarpur आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का केंद्र बन चुका है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.