Jamshedpur News: दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत जंगल क्षेत्रों में हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण रेल परिचालन पर असर पड़ा है. रेलवे प्रशासन ने 18 दिसंबर 2025 और 19 दिसंबर 2025 को टाटानगर सहित आसपास के रेलखंडों से गुजरने वाली पांच ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है.
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार पहली ट्रेन 68025/68026 चक्रधरपुर–राउरकेला–चक्रधरपुर मेमू (MEMU) है. यह ट्रेन चक्रधरपुर होते हुए राउरकेला तक चलती है और टाटानगर रेल मंडल के यात्रियों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है. इसके रद्द रहने से चक्रधरपुर, टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
दूसरी ट्रेन 68043/68044 टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू है. यह ट्रेन झारखंड के टाटानगर रेलवे स्टेशन को ओडिशा के राउरकेला से सीधे जोड़ती है. रोजाना नौकरीपेशा लोग, छात्र और व्यापारी इस ट्रेन पर निर्भर रहते हैं. 18 और 19 दिसंबर को इसके रद्द रहने से टाटानगर से राउरकेला की यात्रा करने वालों को वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी होगी.
तीसरी ट्रेन 18175/18176 हटिया–झारसुगुड़ा–हटिया मेमू को भी इन दोनों दिनों के लिए रद्द किया गया है. यह ट्रेन हटिया से चलकर झारसुगुड़ा तक जाती है और टाटानगर रेल मार्ग से जुड़ते हुए झारखंड और ओडिशा के बीच आवागमन का अहम साधन है. इसके रद्द होने से लंबी दूरी के यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित होगी.
बांसपानी–बड़ामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन रेहगी रद्द
इसके अलावा 68029/68030 राउरकेला–झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू को भी 18 और 19 दिसंबर को नहीं चलाया जाएगा. वहीं, 58151/58152 बड़ामपहाड़–बांसपानी–बड़ामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन भी रद्द रहेगी. यह ट्रेन खनन क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों को जोड़ती है, जिससे टाटानगर की ओर आने वाले यात्रियों को असुविधा होगी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है. यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें. रेलवे का स्पष्ट कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और वन्यजीवों की रक्षा सर्वोपरि है, इसलिए हालात सामान्य होने तक यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.