कैसे पहुंचें यहां तक, कितना है किराया
डिमना लेक की खासियत इसकी आसान पहुंच है. अगर आप टाटानगर रेलवे स्टेशन से आते हैं, तो यह खूबसूरत पिकनिक स्पॉट मात्र 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. वहीं, शहर के केंद्र साकची गोल चक्कर से यह दूरी लगभग 8 किलोमीटर ही है. डिमना गोल चक्कर से आपको मात्र ₹150 में ऑटो या स्थानीय वाहन सीधे पिकनिक स्थल तक पहुंचा देता है. टाटानगर स्टेशन से आने वालों के लिए किराया लगभग ₹300, जबकि मानगो बस स्टैंड से मात्र ₹200 में गाड़ी आपको डिमना लेक तक पहुंचा देती है.
यहीं बनाते हैं, यहीं खाते हैं
यह जगह खासतौर पर उन लोगों के लिए जन्नत है, जो दोस्तों और परिवार के साथ खुली वादियों में समय बिताना पसंद करते हैं. चारों ओर दलमा पहाड़ की हरियाली, पहाड़ियों से घिरी चट्टानें और बीच में फैला शांत जलाशय – यह नज़ारा मन को सुकून दे देता है. यहां लोग अपने घर से सामग्री लाकर खुद से खाना बनाते नजर आते हैं. खुले मैदान में चूल्हा, बर्तन और हंसी-ठिठोली – यही डिमना की असली पहचान बन चुकी है.
बंगाल से आया जत्था
बंगाल से आए एक समूह ने बताया कि उन्होंने डिमना लेक का नाम बहुत सुना था, इसलिए करीब 80 लोगों का जत्था यहां पिकनिक मनाने पहुंचा. उनका कहना है कि इतनी साफ-सुथरी और प्राकृतिक जगह बहुत कम देखने को मिलती है, जहां पहाड़, पानी और खुला मैदान – ऑल इन वन, मिल जाए.
आसपास खाने की भी व्यवस्था
अगर आप खाना बनाना नहीं चाहते हैं, तो भी चिंता की कोई बात नहीं है. डिमना लेक के आसपास चाय, नाश्ता और खाने-पीने के कई स्टॉल लगे रहते हैं, जहां आपको सब कुछ आसानी से मिल जाएगा. इसके अलावा, इन दिनों यहां वॉटर एक्टिविटी भी शुरू हो गई है. लोग बोटिंग का आनंद ले रहे हैं, जिससे पिकनिक का मज़ा और भी बढ़ गया है.
कुल मिलाकर, अगर आप इस सर्दी में कहीं सुकून, मस्ती और प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं, तो डिमना लेक आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है – कम दूरी, कम खर्च और भरपूर आनंद.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.