Chardham And 12 Jyotirling By Skating: समस्तीपुर के दीपक सिंह और ऋतिक चौधरी जो कर रहे हैं, वो लोगों की कल्पना से भी परे है. ये दोनों स्केटिंग के माध्यम से चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर हैं. 1 फरवरी को शुरू हुई इस यात्रा में वे रोज 50 किमी स्केटिंग करते हैं.
1 फरवरी से शुरू की यात्रा
दीपक और ऋतिक ने 1 फरवरी को समस्तीपुर के धनेश्वर मंदिर से तिरंगा लेकर अपनी यात्रा की शुरुआत की थी. आज उनकी इस यात्रा का 39वां दिन है. दोनों युवाओं का कहना है कि वे रोजाना करीब 50 किलोमीटर तक स्केटिंग करते हैं और उसी के सहारे एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचते हैं. लंबी दूरी की इस यात्रा में उनके पास करीब 15-15 किलो वजन के बैग हैं, जिनमें कपड़े, खाना बनाने का सामान और कुछ जरूरी दवाइयां रखी हुई हैं. स्केटिंग करते समय उन पर यह बोझा भी लदा होता है.
एक रुपया नहीं खर्च हुआ अब तक
यात्रा के दौरान रहने की व्यवस्था के बारे में दोनों बताते हैं कि जहां भी उन्हें मंदिर या धर्मस्थल मिल जाता है, वहीं रुककर रात बिताते हैं. रास्ते में मिलने वाले लोग भी उनका काफी सहयोग कर रहे हैं. दोनों युवाओं ने बताया कि वे घर से सिर्फ 15 हजार रुपये लेकर निकले थे, लेकिन अब तक उन्हें अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ा है. रास्ते में लोगों का प्यार, सहयोग और भोजन मिलता रहता है, जिससे उनकी यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है.
माता के दर्शन कर चुके हैं स्केटिंग से
ऋतिक बताते हैं कि इससे पहले भी वे स्केटिंग के जरिए माता वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं. उसी अनुभव और हौसले के साथ इस बार उन्होंने चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा करने का फैसला लिया. अब तक वे कई प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं, जिसमें काशी विश्वनाथ धाम और बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर कर चुके हैं और आगे की यात्रा में जगन्नाथ पुरी होते हुए केदारनाथ, बद्रीनाथ और द्वारका जैसे पवित्र स्थलों तक पहुंचने की योजना है.
ग्रेजुएशन कर चुके हैं दोनों युवा
दोनों युवाओं ने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ अलग और प्रेरणादायक करने की ठानी और इसी सोच के साथ इस धार्मिक और साहसिक यात्रा की शुरुआत की. उनका कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से वे देश के युवाओं को यह संदेश देना चाहते हैं कि अगर जिंदगी में कुछ बड़ा करना है तो घर से बाहर निकलकर मेहनत करनी होगी.
सोशल मीडिया चैनल भी है
दीपक और ऋतिक कहते हैं कि उन्हें नहीं पता इस यात्रा का अंतिम परिणाम क्या होगा, लेकिन पूरे भारत के लोगों से उन्हें जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. दोनों युवाओं का एक सोशल मीडिया चैनल भी है, जिसका नाम “समस्तीपुर स्केटिंग” है. इसके माध्यम से वे अपनी यात्रा की झलक और अनुभव लोगों के साथ साझा करते रहते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.