Jamshedpur News: जमशेदपुर की उषा सतीश कुमार ने अपने बंजर गार्डन को खूबसूरत आध्यात्मिक गार्डन में बदल दिया है. अब ये इतना खूबसूरत और हरियाली से भरा है कि यहां कदम रखते ही अद्भुत महसूस होने लगता है. भगवान गौतम बुद्ध, राधा-कृष्ण और शिवजी की मूर्तियों से इसे सजाया गया है.
बंजर गार्डन को बना दिया जीवंत
लोकल 18 से बातचीत में उषा सतीश कुमार ने बताया कि उनके पति टाटा स्टील में चीफ ऑफिसर के पद पर काम करते हैं. वर्ष 2022 में जब उन्हें कंपनी की ओर से बंगला मिला, तब उसके साथ मौजूद गार्डन पूरी तरह बंजर और खाली था. उस समय गार्डन को देखकर अक्सर उनके मन में यह विचार आता था कि क्यों न इसे खूबसूरत और जीवंत बनाया जाए. इसी सोच ने धीरे-धीरे एक बड़े और अनोखे गार्डन की शुरुआत की.
थीम रखी स्पिरिचुअल
उषा ने अपने माली गणेश के साथ मिलकर गार्डन को सजाने और विकसित करने का काम शुरू किया. उन्होंने कई तरह की जानकारी और योजना बनाई और फिर पूरे गार्डन को “स्पिरिचुअल गार्डन” की थीम पर तैयार करने का फैसला किया. धीरे-धीरे यह गार्डन आकार लेने लगा और आज यह किसी मंदिर परिसर या शानदार देखभाल किए गए गार्डन जैसा नजर आता है.
यहां आते ही महसूस होता है अध्यात्म
गार्डन में प्रवेश करते ही आध्यात्मिक माहौल महसूस होता है. यहां भगवान गौतम बुद्ध की शांत मूर्ति से लेकर राधा-कृष्ण की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित हैं. इसके साथ ही भगवान शिव की एक अद्भुत फाउंटेन वाली मूर्ति भी बनाई गई है, जिसमें ऐसा दृश्य तैयार किया गया है मानो पहाड़ और झरने के बीच शिवजी ध्यान में बैठे हों. इस दृश्य को देखने के बाद लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शांति दोनों का एहसास होता है.
हरियाली के कारण आती हैं तितलियां
पूरे गार्डन में हरी-भरी घास, रंग-बिरंगे फूल और सजे हुए पत्थरों की खूबसूरत डिजाइन इसे और भी खास बनाती है. फूलों की खुशबू और हरियाली के कारण यहां अक्सर रंग-बिरंगी तितलियां भी मंडराती रहती हैं, जिससे गार्डन का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है. खास बात यह है कि हर पत्थर और हर कोने को बड़े ही ध्यान से सजाया गया है.
गार्डन में भगवान जगन्नाथ जी के लिए भी एक खास कोना तैयार किया गया है, जहां पत्थरों पर सुंदर डिजाइन के साथ उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है. यह कोना गार्डन की आध्यात्मिक सुंदरता को और भी बढ़ाता है.
रोज देती हैं गार्डन को दो घंटे
उषा बताती हैं कि वे रोजाना करीब दो घंटे गार्डन में काम करती हैं. उनके अनुसार यह समय उनके पूरे दिन के लिए ऊर्जा का स्रोत बन जाता है और उन्हें मानसिक शांति भी मिलती है. उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि टाटा स्टील की ओर से उन्हें “बेस्ट गार्डन ऑफ द ईयर” का अवार्ड भी मिल चुका है. आज उनका यह स्पिरिचुअल गार्डन सिर्फ एक गार्डन नहीं, बल्कि प्रकृति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनोखा संगम बन चुका है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.