MP Weather News: मध्यप्रदेश का मौसम इन दिनों तेजी से बदल रहा है, जहां एक तरफ खंडवा में पारा 34 डिग्री के पार पहुंच गया है तो वहीं खजुराहो में तापमान 9 डिग्री तक गिर गया है. मौसम विभाग ने ग्वालियर, सागर, रीवा और आसपास के जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 22 फरवरी से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है जिससे प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आ सकता है. जानिए भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन सहित प्रदेश के बड़े शहरों का ताजा तापमान और पूरा मौसम अपडेट.
कहीं गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी, कहीं ठंड ने चौंकाया
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का अंतर भी हैरान कर रहा है. निमाड़ का खंडवा जिला सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दोपहर में धूप ऐसी लगी जैसे मार्च- अप्रैल आ गया हो. वहीं दूसरी तरफ छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यानी एक ही प्रदेश में गर्मी और ठंड दोनों का अहसास हो रहा है.
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक विदिशा, रायसेन, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, सतना और पन्ना जिलों में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं सागर, दमोह और मैहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है. 22 फरवरी से एक और नया सिस्टम सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. अगले 48 घंटों में उत्तर मध्यप्रदेश के हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है.
प्रदेश के बड़े शहरों का हाल
राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इंदौर में पारा 28.6 डिग्री तक पहुंचा, जबकि रात का तापमान 15.2 डिग्री रहा. जबलपुर में 29.1 डिग्री अधिकतम और 14.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा. ग्वालियर में दिन का तापमान 26.2 डिग्री और रात का 13.5 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं उज्जैन में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
कुल मिलाकर कहें तो मध्यप्रदेश का मौसम इस समय पूरी तरह सरप्राइज मोड में है. घर से निकलने से पहले छाता और हल्का जैकेट दोनों साथ रखना ही समझदारी होगी.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.