Jabalpur News: ED ने जबलपुर RTO संतोष पॉल और पत्नी रेखा की 3.38 करोड़ की संपत्तियां कुर्क कीं. वैध आय 73 लाख के मुकाबले 4.80 करोड़ की अर्जित संपत्ति का खुलासा. EOW की 2022 छापेमारी पर आधारित कार्रवाई हुई. जानें सब…
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में परिवहन विभाग के भ्रष्टाचार का एक और मामला उजागर हुआ है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) संतोष पॉल और उनकी पत्नी रेखा पॉल (ट्रांसपोर्ट विभाग में सीनियर क्लर्क) की करीब 3.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया. इनमें संतोष पॉल का जबलपुर स्थित आलीशान आवास, प्लॉट, कृषि भूमि और कमर्शियल दुकानें शामिल हैं. ED की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा है.
सत्यापित वैध आय मात्र 73.26 लाख थी
ED की जांच में पाया गया कि संतोष पॉल दंपति की सत्यापित वैध आय मात्र 73.26 लाख रुपये थी, जबकि उन्होंने 4.80 करोड़ रुपये की संपत्तियां अर्जित कर ली थीं. इससे अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा 4.06 करोड़ रुपये तक पहुंचा. यह खुलासा आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की 2022 की छापेमारी पर आधारित है. उस समय EOW ने संतोष पॉल के घर पर दबिश देकर 16 लाख रुपये नकद, मिनी थिएटर, छह फ्लैटों के कागजात और फार्महाउस जैसे सामान बरामद किए थे. जांच में सामने आया कि पॉल दंपति ने लोक सेवक के रूप में अपनी आय से कई गुना अधिक चल-अचल संपत्तियां जमा कीं.
ये संपत्तियां अवैध कमाई की….
EOW ने आय से अधिक संपत्ति के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत भोपाल में एफआईआर दर्ज की थी. संतोष पॉल, जो वर्तमान में दोबारा जबलपुर RTO कार्यालय में पदस्थ हैं और उनकी पत्नी दोनों आरोपी बनाए गए. ED के भोपाल जोनल ऑफिस ने EOW की रिपोर्ट के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई की. ED ने कहा, ये संपत्तियां अवैध कमाई से हासिल की गईं और कुर्की के बाद आगे की जांच जारी रहेगी.
EOW और ED की संयुक्त जांच से अब तक कई अधिकारियों पर शिकंजा कसा जा चुका है. संतोष पॉल की कुर्की से विभाग में हड़कंप मच गया है. क्या यह कार्रवाई अन्य भ्रष्ट अधिकारियों के लिए चेतावनी बनेगी? फिलहाल, ED ने संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है, जबकि पॉल दंपति को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.